बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को अपने आवास में प्रिंस कुमार नाम के एक 12 साल के बच्चे से मुलाकात की। प्रिंस ने तेजस्वी से बातचीत में आरोप लगाया कि वह गुरुवार को पटना के मरीन ड्राइव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का वीडियो बनाने गया था। वहां पर कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। बच्चे का यह भी आरोप है कि अगले दिन पुलिस ने घर आकर उसे धमकी दी। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के दौरान रोते हुए पिटाई का आरोप लगा रहा था।प्रिंस कुमार ने तेजस्वी यादव को पूरा वाकया सुनाते हुए कहा कि वह पटना के दीघा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसने कहा, मैं दीया कार्यक्रम का वीडियो बना रहा था। दिखा रहा था कि इतना तेल बर्बाद हो गया। इससे पूरा गांव के लोग पूड़ी तल के खा लेते। तभी भाजपा कार्यकर्ता सब आया। उन्होंने पूछा कि वीडियो क्यों बना रहे हो। कैमरा बंद नहीं किया तो रॉड और डंडा निकालकर मारकर रेलिंग के उधर फेंक दिया। फिर पुलिस-प्रशासन आया और हम को पकड़कर ले गया।भाजपा कार्यकर्ताओं पर पिटाई का आरोपतेजस्वी यादव ने प्रिंस से बातचीत के बाद बयान जारी कर भाजपा और एनडीए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रिंस भाजपा सरकार के आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का वीडियो बना रहा था। तभी कथित तौर पर भाजपा के लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। फिर सड़क की रेलिंग से उसे नदी के पास फेंक दिया। पुलिसकर्मी पर भी गंभीर आरोपबच्चे के बयान आधार पर तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ इकट्ठी होने के बाद पुलिस बच्चे और पिटाई करने वाले युवक को अपने साथ थाने ले गई। थाने ले जाकर युवकों को छोड़ दिया गया, लेकिन नाबालिग बच्चे को वहीं पर रखा गया। बाद में थाने से छोड़े जाने के बाद बच्चा घर पहुंचा, तो अगले दिन सुबह पुलिस आ धमकी और 12 साल के मासूम को धमकाने लगी। उस पर बयान बदलने का दबाव भी बनाया गया।प्रिंस का कहना है कि पुलिस अधिकारी ने उसे कथित पिटाई करने वाले युवकों को अपना दोस्त बताने के लिए कहा था, नहीं तो उसे नुकसान उठाने की धमकी दी।फिलहाल इस मामले पर पुलिस का बयान नहीं आया है। पटना पुलिस ने इस मामले की पुष्टि भी नहीं की है। हालांकि, भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगने से यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बच्चे का रोते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह कुछ युवकों पर पिटाई का आरोप लगा रहा था। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़कर वहां से ले गई थी।