सामान्य
सासाराम में विश्वकर्मा पूजा के बाद विसर्जन जुलूस में हादसा, 2 की मौत… गुस्साई भीड़ ने फूंका ट्रक
बिहार के सासाराम में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. अमझोर थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव के पास एक ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मार दी. ट्रैक्टर पर विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा लेकर युवक सोन नदी की ओर जा रहे थे. हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक युवक घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस हादसे के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क को जाम कर दिया. साथ ही ट्रक में आग लगा दी.रामडीहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई थी. शुक्रवार रात गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर रखकर विसर्जन के लिए सोन नदी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर सामने से या पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार युवक सड़क पर गिर पड़े. हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है. दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया.पांच से अधिक युवक घायल, दो की हालत गंभीरहादसे में पांच से अधिक युवक घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किए जाने की जानकारी है. वहीं दो घायलों को सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य घायल युवकों को जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया.हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया.गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आगहादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया. आक्रोशित लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रक में आग लगा दी. देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा. बताया जा रहा है कि ट्रक पर गिट्टी लदी हुई थी. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसकी तलाश की जा रही है.पुलिस पर पथराव, दो सिपाही घायलहादसे के बाद स्थिति संभालने पहुंची पुलिस को भी स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा.वहीं, शुक्रवार रात हुए हादसे के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने डेहरी-रोहतास रोड को घंटों तक जाम रखा. लोग हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
Source
TV9 हिंदी
· TV9 Bharatvarsh