राहुल गांधी ने इंदौर में 'छात्रों की गूंज' को संबोधित किया। कार्यक्रम के 5वें एडिशन में उन्होंने ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ विषय पर करीब 60 मिनट बात की। कार्यक्रम के लिए IDA ग्राउंड पर 20 से 25 हजार युवा पहुंचे।

छात्रों से सवाल-जवाब के दौरान राहुल ने कहा- सिस्टम नहीं चाहता कि स्टूडेंट्स सवाल पूछें, इसलिए वह अंधभक्त पैदा करता है।

उन्होंने कहा- छात्रों का सिस्टम से भरोसा उठ गया है, हालांकि कुछ जगह कैंडिडेट्स की भी गलती है। छात्रों ने जवाब दिया- सर, हम सिस्टम से हार गए।

15-29 साल के 36.74 करोड़ युवा, यह आबादी का 26%

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में देश में 15-29 साल की उम्र के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं। यानी कुल आबादी का करीब 26% युवाओं की हिस्सेदारी है। 2029 के लोकसभा चुनाव में यही वोटर होंगे। इसीलिए राजनीतिक दल Gen-Z और युवा वोटर्स तक पहुंच बढ़ा रहे हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान देश के कुल मतदाताओं में 18-29 साल के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी। यानी लगभग हर 4 में से एक वोटर जेन-जी है।

सरकार के पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) 2025 के मुताबिक, 15 से 29 साल के युवाओं में बेरोजगारी दर 9.9% है। ग्रामीण इलाकों में युवाओं की बेरोजगारी दर 8.3%, जबकि शहरों में यह 13.6% है। पुरुषों में यह 9.3% और महिलाओं में 11.3% है।