पटना के नौबतपुर के कोपा गांव में दो सगी बहनें रेलवे में अनुकंपा नौकरी के लिए एक ही पहचान का ...और पढ़ें
एक पहचान पर दो सगी बहनों का दावा(एआई जेनरेटेज तस्वीर)
जागरण संवाददाता, पटना। नौबतपुर के कोपा गांव में दो सगी बहनों का एक ही पहचान साबित करने का मामला नौबतपुर थाना में पहुंचा है। रेलवे में अनुकंपा पर नियुक्ति को लेकर दोनों बहनें उलझ गई हैं। दोनों ही अपने आप को रेलवे कर्मचारी की पत्नी अमृता कुमारी साबित करने की कोशिश कर रही हैं।
दिवंगत रेलवे कर्मचारी की अनुकंपा नियुक्ति और अन्य लाभों पर दावेदारी को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। दोनों ही पक्षों ने खुद को असली हकदार बताते हुए स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मामले के अनुसार, मृतक रेलवे कर्मी की पत्नी का दावा है कि उनकी सगी बहन ने उनके नाम से फर्जी पहचान पत्र बनवा लिया है। उनका आरोप है कि पहचान बदलकर उन्हें परेशान किया जा रहा है और रेलवे विभाग में भी पत्राचार कर गलत दावे किए जा रहे हैं।
वहीं, दूसरी ओर से पलटवार करते हुए यह दावा किया गया है कि शिकायतकर्ता ने स्वयं अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर पुरानी शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए हैं। प्रमाण स्वरूप विद्यालय के शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।
विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब वर्ष 2013 और 2015 के शैक्षणिक अभिलेखों की पड़ताल में जुट गई है। संबंधित विद्यालय जाकर उस दौरान दर्ज नामांकन, परीक्षा फार्म और जारी प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता की जांच की जाएगी। अरवल जिले से ताल्लुक रखने वाली इन दोनों बहनों की ससुराल अलग-अलग क्षेत्रों में है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन में कपड़े फाड़कर पटना की युवती ने मचाया हंगामा, फिर सामने आए VIDEO ने पलट दी पूरी कहानी
सामान्य
पटना में अजीबोगरीब मामला: एक पहचान पर दो सगी बहनों का दावा, रेलवे में अनुकंपा नौकरी के लिए गहराया विवाद - sisters identity dispute for railway job a unique case
Source