Ketan Agrawal Murder Case: लोहागढ़ किले के बहुचर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुणे पुलिस ने शनिवार को वाडगांव मावल कोर्ट में 5053 पन्नों की चार्जशीट फाइल कर दी है। पुलिस ने इस केतन की मंगेतर सिया गोयल, उसके प्रेमी चेतन चौधरी और उनके साथी रितेश संजय हंगे को आरोपी बनाया है। तीनों आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि मामले की गहन जांच के बाद सभी तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों को एकत्रित कर अदालत में चार्जशीट प्रस्तुत कर दी गई है। इस चार्जशीट में कई सनसनीखेज खुलासे किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपियों ने केतन को गंभीर रूप से अपाहिज बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र के बाहर के कई लोगों से संपर्क भी किया था। बाद में उन्हें डर लगा कि सुपारी लेने वाला व्यक्ति उन्हें ब्लैकमेल कर सकता है या पुलिस तक पहुंच सकता है इसलिए उन्होंने इस प्लान को छोड़ दिया। जिस व्यक्ति से सुपारी के लिए संपर्क किया गया था, वह अब इस मामले में पुलिस का गवाह बन गया है।मर्डर पॉडकास्ट और राजा रघुवंशी केस से ली प्रेरणाआरोपियों ने हत्या और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए कई क्राइम फिल्में देखीं और मर्डर पॉडकास्ट सुने। चार्जशीट के मुताबिक, उन्होंने मई 2025 में मेघालय में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड का भी अध्ययन किया था, जिसमें राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने हनीमून के दौरान पति की हत्या करवा दी थी।लोहागढ़ किले को ही क्यों चुना?मई के अंत में मंगेतर सिया और प्रेमी चेतन ने लोनावला के टाइगर पॉइंट समेत कई इलाकों की रेकी की थी। उन्होंने देखा कि टाइगर पॉइंट पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे नहीं थे। लेकिन उन्होंने लोहागढ़ किले को इसलिए चुना क्योंकि मार्च 2025 में नवी सांगवी की एक 21 साल की लड़की की लोहागढ़ से गिरकर मौत हो गई थी। आरोपियों को लगा कि उसी जगह केतन की मौत को भी सेल्फी लेते वक्त हुआ हादसा साबित करना आसान होगा।केतन और सिया प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे। 4 जून को सिया ने लोहागढ़ जाने की जिद की। इसके बाद 6 जून को खालापुर के एक कैफे के वॉशरूम में सिया ने केतन का पासपोर्ट फाड़कर फेंक दिया ताकि वे बाली न जा सकें और हत्या की योजना को अंजाम दिया जा सके। 14 जून को पहला प्रयास किया गया। सिया और केतन लोहागढ़ गए। आरोप है कि सिया ने केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं गिरा। इसके बाद सिया ने सांप होने का नाटक किया ताकि केतन घबराकर खाई के किनारे चला जाए, लेकिन यह प्लान भी विफल रहा।इसके बाद 18 जून को आरोपी रितेश हंगे की सलाह पर आरोपियों ने माही नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस अकाउंट से केतन को मैसेज भेजकर भरोसा दिलाया गया कि माही सिया की सहेली है। केतन को सुझाव दिया गया कि वह सिया को सरप्राइज बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए लोहागढ़ लेकर आए। हत्या के बाद इस इंस्टाग्राम अकाउंट को डिलीट कर दिया गया था।100 से अधिक गवाहपुलिस ने अपनी चार्जशीट को मजबूत बनाने के लिए 100 से अधिक गवाहों को शामिल किया है। उनमें 5 प्रत्यक्षदर्शी भी शामिल हैं। इसके अलावा मोबाइल डेटा, व्हाट्सऐप चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR), तस्वीरें, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य डिजिटल विश्लेषणों को वैज्ञानिक सबूत के रूप में अदालत में पेश किया गया है।