नवादा के एक सरकारी विद्यालय में छात्राओं ने प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद यादव पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया, जिसके बाद ...और पढ़ें
प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से अभद्र व्यवहार का आरोप।
आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय में किया हंगामा, तोड़फोड़।
पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा नगर थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में शुक्रवार की सुबह विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर कई छात्राओं ने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के स्वजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई करने और बर्खास्तगी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। आरोपित प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद यादव को हिरासत में लेकर थाना ले गए।
शिकायत है कि परीक्षा के दौरान एक छात्रा विद्यालय में प्रश्नपत्र लेने पहुंची थी। इस दौरान प्रधानाध्यापक ने अभद्र व्यवहार किया।
छात्रा वहां से बाहर निकलकर रोने लगी और घटना की जानकारी स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन विद्यालय पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
कुछ छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर पूर्व में भी गलत हरकत करने का आरोप लगाया।हंगामा के दौरान विद्यालय परिसर में लगी प्रधानाध्यापक की बाइक को लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
स्कूल में लगे पंखे और प्रोजेक्टर को भी नुकसान पहुंचाया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। इस पूरी घटना के कारण विद्यालय में पढ़ाई पूरे दिन प्रभावित रही।
इस बीच प्रधानाध्यापक ने अपने उपर लगाए गए आरोपों से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनपर लगाए गए आरोप गलत हैं।
थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि छात्रा के स्वजन से आवेदन लिया जा रहा है। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सामान्य
'गंदी हरकत करते हैं हेडमास्टर'; नवादा में छात्राओं के आरोप के बाद हंगामा, हिरासत में आरोपित प्रधानाध्यापक - nawada headmaster detained after students allege misbehavior
Source