नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव 2026 में चार में से तीन पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत इस छात्र संगठन की राष्ट्र प्रथम विचारधारा में युवाओं के अटूट विश्वास को दर्शाती है।दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह विजयी रहे।अमित शाह ने जीत को सराहाअमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की शानदार जीत पर परिषद के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह विजय परिषद की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा और छात्रहित के प्रति समर्पण पर युवाओं के अटूट भरोसे को दर्शाती है।जनादेश का सबसे बड़ा संदेशअमित शाह ने कहा कि आज एबीवीपी को मिली शानदार जीत उन राष्ट्र विरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहते हैं। देश का युवा आज राष्ट्र प्रथम की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।जीतने वालों को शुभकामनाएंः नितिन नवीनवहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा कि यह जीत 'राष्ट्र प्रथम' की भावना पर आधारित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास और 'विकसित भारत' के विजन में योगदान देने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। जीतने वाले उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई देते हुए लिखा कि यह जीत युवाओं के राष्ट्र प्रथम की नीति में अटूट विश्वास का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि एबीवीपी छात्र हितों, राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ इसी समर्पण से कार्य करती रहेगी। अभाविप की पूरी टीम को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।