सामान्य
BJP की नई IT टीम की बैठक कल, चुनावी रणनीति से लेकर सेवा संकल्प के प्रचार पर होगी चर्चा
आगामी चुनाव को देखते हुए बीजेपी अपने आईटी सेल और सोशल मीडिया पर खासा ध्यान दे रही है. इस बीच पार्टी ने आईटी और सोशल मीडिया प्रमुखों की बैठक बुलाई है. ये बैठक 20 सितंबर को राजधानी दिल्ली में होगी. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष आईटी/सोशल मीडिया और अन्य संबंधित विभागों की बैठक लेंगे. बताया जा रहा है कि इस बैठक में खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रम 'सेवा संकल्प अभियान' को जन जन तक पहुंचाने को लेकर आईटी सेल की भूमिका पर बात की जाएगी. इसके साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए सोशल मीडिया की भूमिका पर भी मंथन होगा.बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. साथ ही सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर लगातार पिछड़ रही बीजेपी की नई आईटी टीम ने काम संभालने के बाद अपना जो प्रेजेंस बढ़ाया है, उसको आगे और कैसे जारी रखा जाए और प्रतिद्वंदी पार्टियों से कैसे लीड लेना है इन विषयों पर मंथन किया जाएगा.आईटी टीम के काम पर मंथनबीजेपी सूत्रों ने बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा नई आईटी टीम गठित करने के बाद पिछले एक महीने से बीजेपीलगातार अच्छा काम कर रही है, हालांकि इस दौरान कुछ गलतियां भी हुई हैं जिसके कारण पार्टी को बैकफुट पर जाना पड़ा. ऐसे में वो गलतियां दोबारा ना हो और इसको लेकर भी बैठक में चर्चा की जा सकती है.गलत कंटेंट से हुई पार्टी की किरकिरीपिछले एक महीने में कुछ ऐसे वीडियो और कंटेंट पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से डाले गए जिनको बाद में हटाना पड़ा. खासकर सोनिया गांधी का एक बार में वीडियो, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को थप्पड़ मारने और पार्टी अध्यक्ष का रूस के राजदूत के साथ तस्वीर के बैंकग्राउंड में पुतिन का गाना लगाए जाने से पार्टी को सार्वजनिक मंच पर काफी किरकिरी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद में इन्हें सोशल मीडिया से हटाना पड़ा.आईटी सेल के एजेंडे में दो मुख्य काम शामिलफिलहाल बीजेपी आईटी सेल के एजेंडे में दो मुख्य काम शामिल हैं. आईटी सेल लगातार सेवा संकल्प अभियान और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कंटेंट तैयार करवाने और उसके अत्यधिक प्रचार प्रसार पर जोर दे रही है.सूत्रों के मुताबिक बैठक में जेनजी विरोध और देश के युवाओं को ध्यान में रखकर बनाए जाने वाले कंटेंट और उनके एस्पिरेशन पर विस्तृत चर्चा होगी.बीजेपी के एक नेता के मुताबिक बीजेपी सोशल मीडिया टीम ने अपना ब्यू और प्रेजेंस तो बढ़ाया है लेकिन आगे सकारात्मक इंगेजमेंट और कैसे बढ़ाया जाए उस पर रणनीति बनाई जा सकती है. कुल मिलाकर आईटी और सोशल मीडिया को ये संदेश और तरकीब सिखाई जा सकती है कि कैसे जोश के साथ होश बनाए रखना जरूरी है. बताया जा रहा है कि बैठक में राष्ट्रीय टीम के अलावा सभी प्रदेशों के आईटी/सोशल मीडिया प्रमुखों को बुलाया गया है. बैठक में हाइब्रिड मॉडल अपनाया जाएगा जिसमें अधिकतर नेता फिजिकल और कुछ वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे.
Source
TV9 हिंदी
· Amod Rai