पश्चिम बंगाल की बहरामपुर पुलिस ने शनिवार को आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर को नोटिस जारी किया है. उन्हें दो समुदायों के बीच तनाव भड़काने की कथित साजिश के मामले में सोमवार को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है. यह घटनाक्रम 6 अक्टूबर को होने वाले रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव से पहले हुआ है. हुमायूं कबीर के नवादा सीट को अपने पास रखने का फैसला करने और रेजीनगर सीट से इस्तीफा देने के कारण यह उपचुनाव जरूरी हो गया था. एजेयूपी ने इस उपचुनाव के लिए कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है.एक अधिकारी ने बताया कि बहरामपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस द्वारा हाल ही में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी किए जाने के बाद 14 सितंबर को यह मामला दर्ज किया गया. पुलिस का दावा है कि बातचीत से दो समुदायों के बीच तनाव भड़काने की संभावित साजिश का संकेत मिलता है. उसके बाद शनिवार को पुलिस अधिकारी नोटिस देने के लिए शक्तिपुर में हुमायूं कबीर के घर गए. हालांकि उस समय वह घर पर नहीं थे, ऐसे में उनके बेटे गुलाम नबी आजाद ने वह नोटिस लिया.सोमवार को जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देशनोटिस के मुताबिक, हुमायूं कबीर से कहा गया है कि वह सोमवार सुबह 11 बजे जांच अधिकारी के सामने पेश हों और जांच में सहयोग करें. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और गिरफ्तार आरोपी सरफराज नवाज चौधरी से बात करते हुए जिस व्यक्ति की आवाज रिकॉर्डिंग में सुनी गई है, उसकी पहचान उचित प्रक्रिया के जरिए की जा सकती है. अधिकारी ने कहा, 'हमें अपने सूत्रों से फोन पर बातचीत की एक रिकॉर्डिंग मिली है. इसे सुनने के बाद हमें लगता है कि दो समुदायों के बीच झगड़ा कराने की कोशिश की गई थी'.हुमायूं कबीर से मिलती-जुलती आवाज होने का शकहालांकि पुलिस ने अब तक बातचीत में सुनाई देने वाले दूसरे व्यक्ति की आवाज की आधिकारिक तौर पर पहचान नहीं की है, लेकिन कहा जा रहा है कि वह आवाज हुमायूं कबीर की आवाज से मिलती-जुलती है. पुलिस ने कहा कि वो संबंधित व्यक्तियों की आवाज के नमूने लेने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगेंगे. पुलिस के मुताबिक, यह बातचीत हाल ही में रेजीनगर उपचुनाव की तारीख घोषित होने के बाद रिकॉर्ड की गई थी. जांचकर्ता इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस रिकॉर्डिंग में किसी आपराधिक साजिश का सबूत है.हुमायूं कबीर ने मामले को बताया साजिशवहीं, हुमायूं कबीर ने इस मामले में कहा कि वो नोटिस के अनुसार जांच अधिकारी के सामने पेश होंगे. उन्होंने कहा, 'मैं 21 सितंबर को तय समय पर जांच अधिकारी के पास पहुंचूंगा और उनके सभी सवालों का जवाब दूंगा'. साथ ही उन्होंने इस मामले को एक साजिश बताते हुए इसकी उचित जांच की भी मांग की.ये भी पढ़ें: CO जियाउल हक मर्डर केस में राजा भैया को बड़ी राहत, CBI कोर्ट से खारिज हुई आगे की कार्रवाई की मांग